Ticker

6/recent/ticker-posts

हम चांद लुटा के बैठे हैं

हम चांद लुटा के बैठे हैं हमे न समझाइये टेक्‍नोलॉजी। जब से दिमाग के सोचने समझने की जगह का विस्‍तार हुआ है हमें कभी टेक्‍नोलॉजी, चमत्‍कारों, अविष्‍कारों ने आकर्षित नहीं किया न ही कभी 1947 के बाद से गरीबी के हटाने के वादों ने, न ही सांप्रदायिकता ने और न ही छदम धर्मनिरपेक्षता ने। हॉं पर भूख और बेरोजगारी बेशक हमें हमेशा परेशान करती रही या अापके नजरिये से कहें तो आकर्षित करती रही। ऐसा नहीं है कि हमारे साथ विलासिता कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हो। परेशां हम भी बच्‍ची की फीस और दाल पेट्रोल के गुनताले में हैं पर इतने भी नहीं कि अपने चरम पे पहुॅचकर किसी की दासता स्‍वीकार कर लें। हॉं पर अक्‍सर हम टमाटर दाल की बातें करते जरूर हैं। हमारे एक दोस्‍त हमसे इस बात पर अक्‍सर खिन्‍न हो जाया करते हैं, कहते हैं खॉं कभी चूल्‍हे चौके से बाहर निकलों। यह और बात है कि अपनी बडी सी दुकान पे बैठकर अनलिमिटेड नेट पैक डलवा कर देश के विकास में उनका अभूतपूर्व योगदान है पर घर से दोस्‍तों से मिलने के लिए 12 किमी का फासला तय करना उनके लिए भी दूभर है। साल भर से ज्‍यादा हो गया हम दो लोग ही उनकी दुकान पर धमाचौकडी मचाने पहुॅच जाते हैं। कहीं ऐसा तो नहीं कि अपने विकास की परछााई के पीछे छुपकर वो भी पेट्रोल बचा रहे हैं। खैर मामला कुछ और था विषय से भटकने से बेहतर है असली बात पर आयें। हमारे घर के सामने कुछ बंगले बने हुए हैं जिनमें फिनिशिंग का काम बाकी है सारी कालोनी में कंस्‍ट्रक्‍शन का काम चल रहा है। यह और बात है कि साल के आठ महीने वहॉं पानी की किल्‍लत होती है और यही उस कॉलाेनी की सबसे बडी विशेषता है पर लोग हैं कि धडाधड जमीन पर इमारते चस्‍पां करते जा रहे हें। इसी के चलते एक मजदूर परिवार सामने के अधबने बंगले के बरामदे में रहा रहा है। अब सामने है तो नजर जाती ही है और घोर असमानता के दर्शन लाभ का पाप हमारे दिमाग में हावी हो जाता हैा मैं फिर से बता दूं कि जिंदगी अपनी भी कुछ खास ठीक नहीं वही गुणा भाग लगा के चल रही है पर लिखने का नजला जब दिमाग से दिल तक चिपचिपाहट फैला देता है तो हम शुरू हो जाते हैं इसका अंजाम चाहे जो हो पर हमारे नजले को आराम मिल जाता हैा एफडीआई बुलेट ट्रेन और विकास के वादों इरादों से हमे आराम नहीं मिलता। कल ही 20 उपग्रह एक साथ छोड डाले पर हमें सुकून न आया इसमें भी हम यही सोच रहे थे कि अब परग्रही एलियन्‍स भी कहीं दिल्‍ली की तरह ऑड ईवन पालिसी अपनाने को मजबूर न हो जायें सारी दुनिया उपग्रह छोड छोड के ट्रेफिक बढाने में जो लगी है। अगर ये उपग्रह लोंगो की भूख और बेरोजगारी भी देख पाते तो समाज कल्‍याण में मील के पत्‍थरों की कमी पूरी कर देते। लीजिए फिर भटक गये। हॉं तो मसला यह था कि सामने है तो नजर जाती ही है उस मजदूर परिवार पर। हम जब शाम के अपना रोजगार कर घर पहुँचते हैं तो हमारी चार साल की बेटी घर के बाहर खेलती हुयी मिलती है वहीं सामने उस मजदूर परिवार की चार साल की बेटी 6 ईंटो के जुगाड से बनाये गये चूल्‍हे पर रोटियॉं सेंक रही होती और उसके पहले उसका दाल वाल जो भी वो बनाती है बन चुका होता है। कई बार हमें उसकी हांडी में झांकने की तम्‍नना हुई पर सच कहें हिम्‍मत न जुटा सके। यही हॉल सुबह का है। मियां बीबी काम पर निकल चुके होते हैं और वही बच्‍ची हमारी बच्‍ची को स्‍कूल जाते हुए देख रही होती है। यकीन मानना बहुत सालता है हमें उसका स्‍कूल न जाना। टीवी में एक अमीर परिवार को खाना खाते हुए देख रहे थे तो उसकी थाली में रखा पापड देखकर हमारे दिमाग में कौंधा कि अमीर की थाली का पापड भी गरीब के लिए चांद की तरह हो सकता है। बस फिर क्‍या था हमने भी अमीर बनने की ठान ली और अपनी शरीके हयात को कह के निकले हैं कि आज जब बाजार जाओं तो सामने वाले गरीबों के लिए चांद लेकर आना। लोग चांद पर जाते हैं पर हम चांद बांटकर मानेंगे।
दखलन भोपाली.....

Post a Comment

1 Comments

  1. बहत अच्‍छा लिखा है सर

    ReplyDelete