क्या मिला है ख़ुदा ख़ुदा करके
कुछ न पाया ख़ुदा ख़ुदा करके
हमने देखा है तजरबा करके
आधी दुनिया भटक रही है अभी
एक अनदेखा रहनुमा करके
हमको मंज़िल बताया करता था
जो गया हमको रास्ता करके
रात काटी है जैसे तैसे बस
आपके नाम का नशा करके
इश्क़ ने क्या बना दिया है हमें
रख दिया हमको मसअला करके
ज़िंदगी शुक्रिया कहो मुझको
सांस भरता हूँ हौसला कर के
ज़र्द पत्ते थे गिर गए आख़िर
इन दरख़्तों से इल्तिजा करके
है जो लाज़िम तो जंग की जाए
कुछ न होगा दुआ-वुआ करके
जब भी चाहा ग़ज़ल कही जाए
हमने ग़म रख दिए सजा करके
0 Comments