Ticker

6/recent/ticker-posts

P मदद मिलेगी नहीं

ग़ज़ल غزل
__________

मदद मिलेगी नहीं कोई आसमानों की
है जंग सर पे, चढ़ा डोरियाँ कमानों की

ज़मीं पे रहने का आया नहीं सलीक़ा जिन्हें 
वो बात करते हैं दिन-रात दो जहानों की

गुलों की लाशों से सिंगार करना पड़ता है
बड़ी ख़राब है किस्मत भी फूलदानों की

हमारे प्यार का दुश्मन नहीं था ग़ैर कोई
हमें तो भारी पड़ी साख ख़ानदानों की

हमें भी नक्ल-ए-मकानी का शौक़ थोड़ी है
समझते हम भी हैं तकलीफ़ आशियानों की

हमारे पाँव तले से ज़मीन गायब थी
लिहाज़ा कर न सके बात हम उड़ानों की

मैं जिसकी आँखों पे अक्सर ही शे'र कहता हूँ 
हवस से गुफ़्तुगू करता हूँ उसकी रानों की

तलाश होती रही बस्तियों में चोरों की
तलाशी ली ही नहीं पर किसी ने थानों की

निशाँ जबीन पे आए ख़ुदा नहीं आया
ख़राब कर दी है हालत पर आस्तानों की

हमें बनाने हैं जीने के कल नए इम्कान 
ये ज़िंदगी है कि है रात इम्तिहानों की*

हमारे सीने में डर धूप का नहीं "दख़लन"
हमारे सीने में दहशत है साएबानों की






Post a Comment

0 Comments