Ticker

6/recent/ticker-posts

मुस्सदी लाल

दौर बहुत खराब है। अच्छे आदमी का इस दौर में अपने उसूलों की साथ खड़े रहना जरा मुश्किल काम है। यह और बात है कि शातिर की चांदी है पर ईमानदारी और चारित्रक उसूलों का टूटना और बिखरना भी बदस्तूर जारी है। मतलब हम यह सब इसलिए लिख रहे हैं कि आजकल हमारा सामना बार-बार एक ऐसे बुजुर्ग से हो जाता है जो अपने ज़माने के निहायत ही शातिर लोंगो में शुमार होते होंगे या अभी भी उनका ही ज़माना है यह कहना भी अतिश्योक्ति न होगी। 
खैर भूमिका बनाने से बेहतर है उन बुजुर्ग के बारे में बात की जाये। यह जनाब अभी अभी रिटायरमेंट के बाद काॅलोनी में बड़ा सा मकान खरीदकर काबिज़ हुए हैं। बड़े अफसर थे सरकारी महकमें में। काबिज़ इसलिए लिखा जाना जरूरी है क्योंकि काॅलोनी का कोई भी सामूहिक काम इनकी उपस्थिति के बगैर सपन्न होना नामुमकिन है। इनका नाम भी इतिहास के पन्नों में विशेष जगह रखता होगा ऐसा प्रतीत होता है। इन सज्जन भद्र पुरूष का नाम है मुस्सदी लाल मोदी। 
यहाॅं यह बताना ज़रूरी हो जाता है कि इनका हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी से कोई लेना देना नहीं है। इनकी अपनी अलग शख्सियत है और उनसे कम तो नहीं होगी बस देखने समझने के एंगल अलग हो सकते हैं। तो हज़रात आपसे गुज़ारिश है कि हमारी बातों को मोदी जी से न जोड़ा जाये।
नये-नये आये मुस्सदी लाल मोदी जी से हमारी मुलाकात आॅफिस जाते में हुइ। जनाब काॅलोनी के बाहर पान की दुकान पर गुटखे का आनंद ले रहे थे और हम भी कुछ ऐनर्जी स्टिक्स खरीदने रूके। बस उन्होंने पूछ लिया श्रीवास्तव आॅफिस जा रहे हैं क्या। प्रश्न थोड़ा अटपटा था पर हमने शालीनता से जवाब दिया हाॅं सर आॅफिस ही जा रहे हैं। खैर हमने अपना सामान लिया और औपचारिकतावश पूछा कि मुस्सदी अंकल आप कुछ ले लीजिए। उन्होंने भी बड़ी बेतकल्लुफी से अपने मुॅंह में घुसेड़े गुटखे के साथ दो गुटखे और ले लिए। हमें गुस्सा नहीं आया बस थोड़ा सी हैरानी हुयी कि अंकल मुॅंह में गुटखा घुसेड़े हुए हैं यह दो और ले लिए क्या पता कहाॅं डालेंगे। खैर हम मंदमंद मुस्कुराते हुए आॅफिस के लिये कट लिये।
शाम के दोस्तों के साथ काॅलोनी के पार्क में सिगड़ी जला के हाथ ताप रहे थे जनाब फिर आ धमके। हमारे साथ बैठे हुए दोस्त ने उनका अभिवादन किया, आइये मुस्सदी अंकल हाथ ताप लीजिए। जवाब बहुत ही कर्रा आया। बेटे हाथ तो तुम लोग तापो अभी तो हमारा खून गर्म है। मैंने दिल में सोचा पोपला कितना बड़ा बतोला है। अब मुस्सदी जी ने हमारे पास ही आसन जमा लिया और बैठ गये। अच्छा अब आग तापने का आनंद उनके बुढऊ मुॅंह पर अलग चमक रहा था पर बात बहुत कर्री कह दी थी उसके चलते हम हास्यबोध से सराबोर थे। मुस्सदी अंकल ने अब अपना मुॅंह खोलना शुरू किया अरे श्रीवास्तव यार तुम क्या कर रहे हो, यह सब थे सुबह-सुबह क्रिकेट खेलने नहीं आये। हमने कहा सर जी आज जल्दी उठ नहीं पाये इसलिये नहीं आये वरना आपके क्रिकेट के दांवपेंच देखने का सौभाग्य हमें भी प्राप्त हो जाता। अब बारी मुस्सदी की थी। अंकल इसलिए नहीं लगा रहा कि मुझे उनकी बात निहायत छिछोरी लगी थी। चलो कोई बात नहीं कल सुबह आओ काफी माहौल रहता है गर्मी आ जाती है। तुम्हारे हिसाब का भी और हमारे हिसाब का भी। हम समझ तो गये थे पर फिर भी खीझ और खिसियाहट वश हमने प्रश्न दाग ही दिया कि कैसा माहौल मोदी साहब। उनका जवाब और भी नंगा हो गया बोले यार तुम बच्चे ही हो। सुबह सुबह क्रिकेट खेलने के अलावा काॅलोनी की औरतें भी तो वाक पे आतीं हैं भाई। अब हम भी छिछोरे हो गये थे हमने उनको घिसने के लिए तंज कस दिया। अंकल आपकी उम्र के हिसाब से तो माहौल नहीं होगा। बोले मियाॅं उम्र क्या देख रहे हो हौसला देखो हमारा। हम और हमारे दोस्त आंखों ही आंखों में मुस्सदी लाल मोदी जी के छिछोरेपन के आगे नतमस्तक हो चुके थे।
बात यहीं खत्म हो जाती तो ठीक था हम सुबह सुबह क्रिकेट खेलने पहॅुंच गये और जो मुस्सदी के तेवर देखे तो कसम से कसमसा के रह गये। निहायत ही छिछोरा बूढ़ा है साहब।
दूसरे दिन शाम को आॅफिस से घर पहुॅंचे तो काॅलोनी की सड़क पर पानी बह रहा था और मुस्सदी लाल मोदी सोसायटी के सेक्रेटरी को प्रवचन दे रहे थे। गुस्सा इतना कि बस चले तो सेक्रेटरी का गला ही दबा दें। खैर पौन घंटे की लड़ाई के बाद आखिरकार सोसाइटी के सेक्रेटरी ने नाली सुधरवाने का वचन दिया तब कहीं बात बनी। इसके बाद मुस्सदी फिर पार्क की दीवाल से टिककर काॅलोनी के लोंगों को ज्ञान देने लगा। हम भी इस मुस्सदी की मुस्तैदी का आनंद लेने भीड़ के साथ ही टिक गये। मुस्सदी काॅलोनी की सोयाइटी की पैनल की धज्जियाॅं उड़ा रहा था और भ्रष्टाचार एवं भाई भतीजावाद तथा जातिवाद के आरोपाे से सोसाइटी की चूलें हिलाने में लगा था। आगे 25-30 मिनट में वो इतना ज़हर उगल चुका था कि काॅलोनी के कुछ लोग सोसाइटी के चुनाव में खड़े होने के लिए उसको समर्थन देने लगे थे और हम चुपचाप मुस्सदी को कोसते हुए घर की तरफ निकल पड़े थे। गज़ब आदमी था मुस्सदी।
अब हमारा घर पार्क के सामने ही है तो हमारे कमरे से पूरा पार्क दिखायी देता है। रात के 10 से 10.30 बजे की बात है खिड़की से हमने देखा कि पांच लोग पार्क में बैठकर मदिरापान कर रहे हैं और काॅलोनी के निशाचर खाने के बाद वाॅक पे निकले हुए हैं। हमें मदिरापान करते लोग पार्क में पहली बार दिखे थे तो हम झाड़ी लेने घर से निकल पड़े। थोड़ा नजदीक पहुॅंचे तो उनकी आवाजें और उन शख्सियतों को हम पहचान बैठे। अरे और कोई नहीं वही थे मुस्सदी लाल मोदी जी। हाॅं पर बातचीत से अंदाज़ा हुआ कि साथ में उनके अपने दोस्त थे और सोसाइटी के चुनावों पर चर्चा का दौर चल रहा था और निहायत ही ओछे दर्जे की भाषा का उपयोग किया जा रहा था। इतने में ही पार्क के पास पुलिस की गाड़ी आ कर रूकी और पलक झपकते ही उन पांचों दारूबाज बूढ़ों के पास जा पहुॅंची। हमें लगता है किसी जागरूक काॅलोनीवासी ने पुलिस को फोन कर दिया था हम मन ही मन बड़े खुश हुए कि बुढ़ऊ का घर और काॅलानी में इज्जत का कचरा हो जायेगा या तो पुलिस गाड़ी में बैठा कर ले जायेगी या इनकी असलियत के साथ इन पांचों को घर छोड़कर आयेगी। पर यह खुशी भी हमें मिल नहीं सकी। मुस्सदी और उनके दोस्तों ने जादू की तरह बोतल, गिलास और नमकीन का कहाॅं क्रियाक्रम कर दिया यह हमारी समझ नहीं आ रहा था। अब मुस्सदी लाल मोदी पुलिस से भिड़े हुए थे और सोसाइटी के सेक्रेटरी को पुलिस के आने के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए काॅलोनी में हो रहे भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे थे। साहब गदर सरीखा ही मचा दिया मुस्सदी जी ने और अब तो साथ में वो सोसाइटी के भ्रष्टाचार के खिलाफ नारे भी लगा रहे थे और साथ में भारतमाता की जय के नाम की चटनी भी सजा दी थी। यह और बात है कि नाली मानव आपदा के कारण चाेक हुई थी और काॅलोनी का सेक्रेटरी शरीफ बंदा है पर मुस्सदी का गेम सेट हो चला था। हम खिसियाए हुए अपने घर में घुस लिये थे। पुलिस बेरंग लौट गयी थी और मुस्सदी मुॅंह में गुटखा घुसेड़े आगे की रणनीति बना रहा था। अब मुस्सदी को सोसाइटी पे काबिज़ होने से रोक पाना ज़रा मुश्किल लग रहा था। 
दखलन भोपाली

Post a Comment

0 Comments