Ticker

6/recent/ticker-posts

मैं चाँद पे परियाँ तलाश करता हूँ

मैं चाँद पे परियाँ तलाश करता हूँ, सूरज में ठंडक ढूंढता हूँ, सहराओं में दरिया लाके, मैं धान की खेती करता हूँ।

चलोगे मेरे साथ तो चलो, अपने पिंजरे से निकल सको, तो चलो।

मैं ईद पे दावत खाता हूँ, मैं मंगल का व्रत रखता हूँ, मैं तुलसी दल पी लेता हूँ, मैं चरनामृत भी चखता हूँ।

चलोगे मेरे साथ तो चलो, अपने पिंजरे से निकल सको, तो चलो।

मैं पवनीत के संग पी लेता हूँ, घोष के मछली खाता हूँ, जब ज़्यादा ही चढ़ जाती है, तो फ़ैज़ के उल्टी करता हूँ।

चलोगे मेरे साथ तो चलो, अपने पिंजरे से निकल सको, तो चलो।

घर पे सब पूजा करते हैं, और दान दक्षिणा देते हैं, मैं तिलक लगा के अपने घर में राधे राधे करता हूँ।

क्या तुम्हें पाक साफ सा लगता हूँ?

क्या तुम चलोगे मेरे साथ, हाँ तो चलो, अपने पिंजरे से निकल सको, तो चलो।

संदीप श्रीवास्तव

Post a Comment

0 Comments