Ticker

6/recent/ticker-posts

चीखें ख़ामोश हैं

सियासतों के काले कोटर में, कितनी चीखें ख़ामोश हैं।
बोलने वाले लिखवा लाए, अब कलमें बेहोश हैं।।

रहबर रौनक रोज़ निगलता, दौर यह कैसा आया है।
रहज़न से गठजोड़ किया है, अब मुंसिफ ख़ामोश हैं।।

गिद्धों ने लाशें न नौंची, भेडियों ने न खींचा गोश्त।
इंसानों ने सब कर डाला, अब जीवन ख़ामोश हैं।।

अब औरत को लूटा जाये, पहरेदार के हाथों ही।
थानेदार को हिस्सा पहुंचे, कोठे तो ख़ामोश हैं।।

खाने में भी हुई मिलावट, बच्चे यूँ कमज़ोर हुए।
राशन चोरी से बिकता है, फ़ूड इंस्पेक्टर ख़ामोश हैं।।

भूख का सौदा कर डाला है, भूख ने, कोख ने, धर्मो ने।
लोकतंत्र तो रोज ही मरता, जन नायक ख़ामोश हैं।।

संदीप श्रीवास्तव

Post a Comment

0 Comments