ग़ज़ल غزل
__________
अच्छी लगती है ज़िंदगी मुझको
न सिखा यार ख़ुदकुशी मुझको
ठीक करनी है ज़िंदगी मुझको
ढूँढने दे मेरी ख़ुशी मुझको
घर से ऑफिस के रास्ते में है
रोज़ रोके है वो गली मुझको
चाहता था कि पूरा चाँद मिले
बस मिली थोड़ी चाँदनी मुझको
यार ये वक़्त की ख़राबी है
नहीं भाती है बंदगी मुझको
अंधा ईमान है अँधेरा मियाँ
अक्ल देती है रौशनी मुझको
शोरगुल मज़हबी रिवायत है
रास आती है ख़ामुशी मुझको
नदी लाऊँगा रेगज़ारों में
यूँ मिटानी है तिश्नगी मुझको
मुझको दुनिया निगल न जाए कहीं
खा न जाए ये सादगी मुझको
थोड़ी ताख़ीर से खुलेगा शे'र
सुन रहे हो ना वाक़ई मुझको
थोड़ी ताख़ीर से खुलेंगे शे'र
अभी करने दे शाइरी मुझको
0 Comments