Ticker

6/recent/ticker-posts

P 35 बुझ गया टूट के २१२२ ११२२ ११२२ २२

ग़ज़ल غزل 
____________

बुझ गया टूट के किस्मत का सितारा अपना
दूर होता ही गया जो था हमारा अपना

आख़िरी ख़त में भी बातें थीं मुहब्बत की मगर
उसने लिक्खा नहीं आख़िर में तुम्हारा अपना

मेरे नज़दीक सभी लोग ख़ुदा जैसे थे सो
मैंने आफ़त में भी दामन न पसारा अपना

ज़िंदगी तुझसे तअल्लुक़ तो नहीं तोड़ा पर
हद से बढ़ के ही हुआ तुझसे ख़सारा अपना

किसके जाने से कहाँ काम रुका है कोई
हो ही जाता है तेरे बिन भी गुज़ारा अपना

दोनों के बीच में बहती है अना की नद्दी 
एक है उसका तो दूजा है किनारा अपना

वही माथे पे मेरे बन के शिकन बैठ गया
हां वही शख़्स जिसे समझा हमारा अपना

गुज़रे वक़्तों में जहाँ ठीक था रहने को फिर
लड़ने मरने को ख़ुदा सबने उतारा अपना

अब तो दुनिया की तरह कर लिया हमने भी मिज़ाज 
ग़ैर के दुख को नहीं करते हमारा अपना

छोटे टीले भी लगेगें तुम्हें पर्बत की तरह
तुमने दख़लन जो कभी हौसला हारा अपना 



Post a Comment

0 Comments