एक प्रधानमंत्री की हत्या होती है। पंजाब सुलग पड़ता है। एक और प्रधानमंत्री के टुकड़े शांतिस्थापना की कोशिशों के चलते बिखर जाते हैं। संबंधित प्रदेशों से हत्यारे आंतकवादियों को फांसी न देने की आवाजें उठती हैं। राजनीति पाताल की गहराइयों तक गिरती है। एक भूखा मज़दूर गढ्डा खोद रहा है एक औरत भी ईंटे बना रही है उसने अपना दुधमुंहा बच्चा पीठ के पीछे बांध रखा है। मैं अभी छोटा हूँ और घटनाओं की गंभीरता समझने में असमर्थ। बगल वाला प्रौढ़ जो कहता है मान लेता हूँ। गांधी को स्कूल में पढ़ाया जाता है। प्रभावित हो जाता हूँ और जिज्ञासु भी। कैसा होगा यह व्यक्ति जो गरीबी देखकर आधी धोती में जीवन गुजार देता है। मैं बड़ा होता हूँ। किशोरावस्था को प्राप्त मन प्रेम की ग़ज़ल लिखना चाहता है। एक पलायनकर्ता हिन्दू हृदय सम्राट बन चुका है। लोग खूबसूरत मंदिर की तस्वीर छपे रसीद कट्टे ले के मंदिर के नाम पे चंदे कर रहे हैं। बाबर, तैमूर, औरंगजेब ज़िंदा हो चुके हैं। भगवान में आस्था के चलते 151 रुपए का चंदा गुल्लक फोड़ के दे डालता हूँ। मंदिर वहीँ बनाएंगे का नारा भी लगा देता हूँ। ईंटो पे राम लिखा जा रहा है। मस्जिद का बाबरी ढांचा गिर जाता है। फिर दोनों तरफ का नरसंहार। एक भूखा मज़दूर गढ्डा खोद रहा है एक औरत भी ईंटे बना रही है उसका अपना दुधमुंहा बच्चा जो पीठ के पीछे बंधा रहता था वो भी ईंटें बना रहा है। मैं और बड़ा और ज़िम्मेदार हो जाता हूँ। कुछ लोग गोधरा कर देते हैं। गुजरात जल उठता है। फिर नरसंहार। एक भूखा मज़दूर गढ्डा खोद रहा है एक औरत भी ईंटे बना रही है उसका अपना दुधमुंहा बच्चा बाप बन चुका है। उसकी पत्नी भी ईंटे बना रहे है। वक़्त रुकने वाला नहीं है देश झुकने वाला नही है। सत्ता परिवर्तन बराबर चल रहा है। पड़ोसी की घुसपैठ जारी है। नई ताकतवर सरकार विकास के नाम पे आयी है। लोग आज भी अफजल की फांसी रुकवाना चाहते हैं। मैं 40 के पैठे में आ चुका हूँ परन्तु अपने बुजुर्गों की नज़रों में आज भी परिपक्व नहीं हूं। दलितों के सवाल बड़े हो गए हैं सारी दुनियां में मुस्लिम को शक की नज़र से देखा जा रहा है। इस्लामी आतंकवाद ने पूरब से पश्चिम उत्तर से दक्षिण तक विश्व में इस्लाम को प्रश्न चिन्ह बना दिया है। इस्लामी देशों में भी इस्लामिक आतंक से इस्लामिक लोग ही आतंकवाद के हाथों मारे जा रहे हैं। मेरे देश का प्रधान उधोगपतियों के विदेशों से हथियार लाने के समझौतो को उपलब्धि समझ रहा है। जिस पत्थरबाज को जीप से बांधकर घुमाया गया था उसे दस लाख मुआवजे देने की बात सुनने में आई है। अमीर हमेशा की तरह अमीर हो रहा है और गरीब और गरीब। अब भीड़ भी धर्म विशेष के लोगोँ को घेर कर मार रही है। सिकुलर नॉट इन माई नेम की यात्रा पे हैं। कल अमरनाथ यात्रियों को आतकंवादी मार देते हैं। एक भड़वा चेनल और कुछ बुद्धिजीवी भीड़ के द्वारा की गई हत्याओं के विरोध में नॉट इन माई को आतंकवाद से जोड़ कर साम्प्रदायिक माहौल बना रहे हैं। साहब निंदा कर रहे हैं। जो लोग आतंकवादी हमले में मारे गए हैं उनके प्रदेश में चुनाव होने वाले हैं। मैं छह महीने पहले जो किराना 3949 रुपये का लाता था वो 6229 रुपये का आया है। ऑफिस आते हुए बोर्ड ऑफिस के चौराहे पे एक लड़का और लड़की घोर बेरोजगारी के समय में पार्ट टाइम और फुलटाइम जॉब की गारंटी देते फोन नंबर लिखी पर्चियां सिग्नल पे रुके लोगों को बांट रहे हैं। चौराहे पे लगी बाबा साहेब की मूर्ति शिक्षा मंडल के ऑफिस की तरफ उँगली से इशारा कर रही है। ऐसा लगता है बता रही कि इससे कुछ नहीं होगा। ज़िन्दगी चलाने के लिए कुछ एक्सट्रा आर्डिनरी करो। एक भूखा मज़दूर गढ्डा खोद रहा है एक औरत भी ईंटे बना रही है। मज़दूर का बाप दमे से खत्म हो चुका है। माँ पास ही जर्जर हुई झोपड़े में पड़े मोक्ष का इंतज़ार कर रही है। धर्म उग्र हो रहे हैं। मुस्लिम इस्लाम की समीक्षा के नाम पे आज भी मुखर नहीं है। हिन्दू समीक्षा करना छोड़ रहा है। मैं तंगहाल हूँ, बियर बजट में नहीं आती। नेविकट महंगी हो गयी है। बीड़ी पीता हूँ घरवालों दोस्तों को मुँह से बीड़ी की गंध आती है। देश फूल से खिला हुआ है। मेरा देश बदल रहा है, आगे बढ़ रहा है।
0 Comments