Ticker

6/recent/ticker-posts

गुरु पूर्णिमा

गुरु पूर्णिमा पर गुरुओं को नमन करते महान शिष्यों को नहीं सालते इस आधे अधूरे सांस्कृतिक महानता के मूल्य
नहीं सालते देश के कुपोषित बच्चे
नही सालता लोगों के मत से दंगाइयों, गुडों का सत्ता के शीर्ष पर काबिज हो जाना
नहीं सालता धर्म और जाति के नाम पे होता नरसंहार
नहीं सालता सामाजिक ढाँचा जो जर्जर हो गिर चुका है मानवता के सिर पर
उन्हें नहीं सालती शिक्षा की बढ़ती कीमत
उन्हें नहीं सालते गुरुओं के छदम रूप
उन्हें नहीं सालते वो लोप हो चुके अंतर जो पीठ और पेट में दूरी रखते थे
शायद उन्हें नहीं सालती हल में बैलों की जगह जोती जा रही बेटियां
और उन्हें नहीं सालती वो छुरी जो बालिका भूर्ण को भेदने रोज उतर रही है नारी के पेट में
ये बस आज के दिन पी लेना चाहते है गुरु के पैरों का चरणामृत
और कल से फिर भागीदारी करेंगे उपरोक्त में से किसी न किसी अमानवीय कृत्य की
कल फिर करेंगे किसी मज़दूर से मज़दूरी का मोलभाव
कल से फिर करेंगे हालात के कारण अपने बेरोजगार भाई से पैसों की बात
कल से फिर बंटवारा होगा कि कौन सा दिन कौन सा बेटा अपनी माँ को देगा दो वक्त की रोटी
हाँ आज गुरु पूर्णिमा है और आज तो भर देंगे अपनी महानता से सोशल मीडिया की दीवारें, ताकि लोग देख सकें हमारी छदम मानवता और उसके उसूल
दखलन भोपाली

Post a Comment

0 Comments