Ticker

6/recent/ticker-posts

कारीगर

रिश्तों को क्या बुनते थे, वो बूढ़े जर्जर कारीगर
हमने तो रिश्तों को बस, एक तिजारत कर डाला

बूढ़े बाप को कंधा देकर, देखो कितना अहसान किया
माँ के नाम भी हमने देखो, घर का कोना कर डाला

हमने अक्सर सच सुनने को दीवारों पे कान रखे
अपने लोगों को इस चक्कर में और पराया कर डाला

थक कर आते हैं बच्चे जब, पिज़्ज़ा बर्गर ही खाते हैं
बचपन में ही चढ़ा बुढापा, जिस्म खोखला कर डाला

चिड़ियों को दाना रखती थीं अम्मा अक्सर आंगन में
आंगन में भी दीवारों से इक इक कमरा कर डाला

अपने मन की बातें ही, सब लोग यहां पर सुनते हैं
बूढ़ों की बातों का हमने, किश्तों में सौदा कर डाला

बाज़ार खुला है सातों दिन किश्तों में समान बिके
एक मुश्त ही हमने देखो, रिश्तों का सौदा कर डाला

संदीप श्रीवास्तव

Post a Comment

0 Comments