Ticker

6/recent/ticker-posts

फेंकते रहो


पहले दलाली में यहाँ कुछ हाथ काले थे हुए।
अब हाथों पर खून लगा है, तुम फेंकते रहो।।

गाय, बैल, भेड़िया, बकरी में उलझा के छोड़ दिए।
इन सबको अब बाप बना दो, तुम फेंकते रहो।।

छुप जाना कोने में, जब सच कहना ज़रूरी हो।
बाद में आके ज्ञान लुटाना, तुम फेंकते रहो।।

मुन्ना कौन गली से आया, कौन सी शिक्षा पाई है।
मुझको न डिग्री दिखलाना, तुम फेंकते रहो।।

पूरी दुनियां घूमे चच्चा, फ्री टूर मिल बैठा है।
लफ़्फ़ाज़ी के बाण चलाना, तुम फेंकते रहो।।

बच्चे कितने बिना हवा के, राम को प्यारे हो गए।
आओ बैठ के भजन सुनाना, तुम फेंकते रहो।।

हफ्ते के हफ्ते छुट्टी के दिन, तुम घुट्टी देने आते हो।
बुरे को बस न आँख दिखाना, तुम फेंकते रहो।।

जीवन गाली कर डाले हो, भूखे नंगे लोगों के।
इनको न कभी गले लगाना, तुम फेंकते रहो।।

पितृ पक्ष में कौवे को भी सम्मान यहाँ पर देते हैं।
एक टांग का बगुला बन के, तुम फेंकते रहो।।

Post a Comment

0 Comments