Ticker

6/recent/ticker-posts

अपने उरूज का भी अंदाज़ अलाहिदा होगा


तुम नश्तरों की उंगली पकड़ के चल लेना।
हम तो इश्क़ का दामन पकड़ के निकलेंगे।।

फूल जो शाख़ से बिछड़ा, शाख़ का नूर गया।
गुल को बचाने हम कांटा पकड़ के निकलेंगे।।

आंधियों में परवाज़ नहीं करना, खतरा है बहुत।
हम तिनके ही सही, तूफ़ां की तरह निकलेंगे।।

तुम ग़लत बात को चुपचाप हज़म करते रहो।
हमारे अल्फ़ाज़ तो चाबुक की तरह निकलेंगे।।

हर सियासतदां को अब कबूतर बनना होगा।
लोग वरना फ़िर खंजर की तरह निकलेंगे।।

जो बांट रहे हैं इंसां को मज़हब की आड़ में।
ज़रा नोचिये चेहरा, ये गीदड़ की तरह निकलेंगे।।

तुम अपने दयार में सिमटे रहो, महफूज़ रहो।
हम तो बारिश में पत्तों की तरह निकलेंगे।।

अपने उरूज का भी अंदाज़ अलाहिदा होगा।
जहाँ पर ग़ुरूब हुए, वापस वहीं से निकलेंगे।।

दख़लन भोपाली

Post a Comment

0 Comments