ग़ज़ल غزل
__________.......
जब हमारे जवाब आएँगे
सामने सब हिसाब आएँगे
इश्क़ में मो'जज़े नहीं होते
हाथ केवल सराब आएँगे
ये मुहब्बत है कोई दीन नहीं
तेरे हिस्से अज़ाब आएँगे
प्यार में जिस्म रख के देखो ज़रा
लोग बन के उक़ाब आएँगे
मेरी आँखों में झाँकना न कभी
तुमको सहरा के ख़्वाब आएँगे
ज़ुल्मतों को ज़रा सँवरने दो
बन के हम आफ़्ताब आएँगे
हमने वाइज़ को कर दिया ख़ारिज
अब हमारे निसाब आएँगे
जिस्म से आ रही है खुशबू तेरे
रूह में कब गुलाब आएँगे
मौत कहती है पर नहीं आती
एक दिन हम जनाब आएँगे
दोस्त कुछ हैं जो फ़िक्र करते हैं
साले ले के शराब आएँगे
दख़लन भोपाली
0 Comments