Ticker

6/recent/ticker-posts

मैं लिखता हूँ घटिया कविताएँ

"घटिया कविताएँ"

_______________
मैं लिखता हूँ सच
यानी मैं लिखता हूँ घटिया कविताएँ
बचपन से मैंने भी देश से प्यार करना सीखा
मैं करता हूँ देश से प्यार
देश बनता है लोगों से
लोग देश को चलाने के लिए चुनते हैं सरकार
सरकार नोकरी के फॉर्म पर जात पूछती है
सरकार उसी फॉर्म पर धर्म भी पूछती है
भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है
अचंभित होना मेरी नियति है
संदीप श्रीवास्तव.........
______________________
मैं लिखता हूँ सच
यानी मैं लिखता हूँ घटिया कविताएँ
बचपन से मैंने भी देश से प्यार करना सीखा
मैं करता हूँ देश से प्यार
देश बनता है लोगों से
जननायकों में कुछ अपराधी हैं
अफ़सर, नेता, पुलिस में ज़रा सा भ्रष्टाचार है
जिसे काम कराना है रिश्वत दे देता है
स्कूल ईमादारी का पाठ पढ़ाते हैं
मध्यान्ह भोजन के विषय पे लिखूंगा तो पिट सकता हूँ
अचंभित होना मेरी नियति है
हाँ, मैं लिखता हूँ घटिया कविताएँ
___________________________
"घटिया कविताएँ"
_______________
मैं लिखता हूँ सच
यानी मैं लिखता हूँ घटिया कविताएँ
गाय हमारी माता है
दूध में मिलावट पाई गई है
हम नकली मिठाई खाते हैं
मगर खुशियाँ असली मनाते हैं
त्यौहारों पर राजनीति आम है
राम मर्यादा पुरुषोत्तम थे
राम के नाम पर सत्ता बदल सकती है
गाय के नाम पर माहौल
हम लोग बहुत सहिष्णु हैं
अचंभित होना मेरी नियति है
हाँ, मैं लिखता हूँ घटिया कविताएँ
संदीप श्रीवास्तव......
________________________
"घटिया कविताएँ"
_______________
मैं लिखता हूँ सच
यानी मैं लिखता हूँ घटिया कविताएँ
गाय हमारी माता है
भरोसे की गाय अगर पाड़ा जन दे तो दुख होता
फिलहाल गाय दूध दे रही है
दूध का रंग, हाँ हाँ आप लोग समझदार है
आज गांधी जी जयंती है
अचंभित होना मेरी नियति है
हाँ, मैं लिखता हूँ घटिया कविताएँ
________________________
मैं लिखता हूँ सच
यानी मैं लिखता हूँ घटिया कविताएँ
एक रिश्तेदार के शादी समारोह में गया था
भूल वश बिना देखे पुरानी शर्ट पहन ली थी
मेरी शर्ट का कॉलर छना हुआ था
नीचे से सफेद बकरम झाँक रहा था
और रिश्तेदार मुझे हिकारत भरी आँखों से ताक रहा था
दरवाज़े पर नागिन डांस करते शराबी लौंडों रंग पे थे
मैंने जेब से 100 के नोटों की गड्डी निकाली
और बीस पच्चीस नोट एक साथ नचैये लौंडों पे उड़ा दिये
रिश्तेदार की आँखे फटी पड़ी थीं और न जाने क्या-क्या
नज़रें नहीं मिला पा रहा था हमसे
हाँ, मैं लिखता हूँ घटिया कविताएँ
_________________________

Post a Comment

0 Comments