Ticker

6/recent/ticker-posts

101 RR उधारी12122 12122 12122 12122


ग़ज़ल غزل
__________

उधारी है कुछ  पुरानी अपनी सो ये उधारी चुका रहे हैं
चराग़ हैं हम भी अपने घर के सो हमको ही सब जला रहे हैं

ना जान अपनी निकल रही है ना जान देने का हौसला है
हर एक लहज़ा हलाक होते हम अपनी साँसे बना रहे हैं

ये सारे रिश्ते हैं बोझ साले हमें पता है उन्हें ख़बर हो
हमारी नज़रों से गिर रहे हैं अगरचे सर पे बिठा रहे हैं

चमन से काटे हुए शजर हैं मगर अभी भी हैं काम के हम
वो हमको सीढ़ी बना रहे हैं ये हमसे चूल्हा जला रहे हैं

हमारी क़िस्मत हमारी नेकी हमेशा दरिया में जा के बैठी
भला किया है, भला करेंगे, गिला रहा है, गिला रहे हैं

कभी समंदर से भी किसी के गले की ख़ुश्की कहीं मिटी है
दो सीपियाँ हैं अभी न खोलो कि इनमें मोती पका रहे हैं

हमें बनाना थी एक दुनिया कि जिसमें थोड़ा सुकून भी हो
सुकून खो के दुखी तो हैं हम मगर हाँ जीवन चला रहे हैं

वो एक गुड़िया जिसे अभी तक ग़मो की कोई ख़बर नहीं है
हम उसकी ख़ातिर ही जी रहे हैं हम उसकी ख़ातिर फ़ना रहे हैं

दख़लन भोपाली

Post a Comment

0 Comments