ग़ज़ल غزل
__________
दीवार बनाई तो दरीचा नहीं छोड़ा
अपनो ने ही अपनो को कहीं का नहीं छोड़ा
कहने को तो वो पाँच नमाज़ों के हैं पाबंद
लेकिन ये सिफ़त देखिये धोका नहीं छोड़ा
वो जान ही लेने पे हैं आमादा हमारी
अहल-ए-दिलों ने कोई भी मौका नहीं छोड़ा
इस तौर कुरेदे गए फिर घाव हमारे
चेहरा भी मिटा डाला, कलेजा नहीं छोड़ा
मैं डूब रहा हूँ तो ज़रा शोर ही कीजै
वैसे तो मेरे वास्ते तिनका नहीं छोड़ा
रोशन किए हैं दीप दो पानी से मेरी जान
यानी कि तेरे हिज्र में रोना नहीं छोड़ा
आँखों से शराबों के मज़े, फ़ालतू की बात
"दख़लन" ने कभी हाथ से शीशा नहीं छोड़ा
जब चाक पे रक्खे गए तब ठीक थे "दख़लन"
कूज़ा-गरों ने इनको कहीं का नहीं छोड़ा
दख़लन भोपाली
0 Comments