-------------------
ज़िंदगी छोड़ दी जा तेरी निगहबानी भी
मौत से हो मुझे शायद ज़रा आसानी भी
रोज़ इक दुख मेरी आँखों में पिघलता है और
हाल पे मेरे पशेमान है हैरानी भी
दिल ये चाहे कि उतर जाए बदन का ये लिबास
और मेरी रूह को दरकार है उर्यानी भी
पलकें झपकुं तू मुझे शोर सुनाई देगा
क्या किसी और को हासिल है यूँ वीरानी भी
इक तरफ़ प्यास को हासिल नहीं कोई दरिया
इक तरफ़ आँखों पे काबिज़ हुई तुग़्यानी भी
वो भी पलटा नहीं मैंने भी नहीं दी आवाज़
इसी का नाम अना है यही नादानी भी
मुझमें ज़िंदा है मगर इश्क़ फ़ना है उसमें
यानी ला-फ़ानी हुआ इश्क़, हुआ फ़ानी भी
मुझको सहरा में भी ये आस कि वो आएगा
बस यही सोच के है सब्ज़ बियाबानी भी
दख़लन भोपाली
0 Comments