ग़ज़ल غزل
__________
__________
सफ़र को हादसा होने से टाल सकते थे
कुछ एक लोग थे हमको सँभाल सकते थे
बहुत तमीज़ से आये हैं पेश दुश्मन से
ज़ुबाँ से तीर तो हम भी निकाल सकते थे
वो मेरे क़द के बराबर तो आ नहीं पाए
सो बस वो नाम पे कीचड़ उछाल सकते थे
मनाए शुक्र कि हमने सवाल दागे़ नहीं
वगरना आपको आफ़त में डाल सकते थे
हरेक शख़्स ने पाली हैं नफ़रतें दिल में
कि चंद लोग मुहब्बत भी पाल सकते थे
लखन पे राम ने ताना नहीं था तीर कभी
बड़े थे आप कबूतर निकाल सकते थे
गुरेज़ है हमें रोने से मर्द ज़ात हैं हम
वगरना आँख में आँसू उबाल सकते थे
शजर के सूख के गिरने पे ग़म दिखावा है
जो छाँव लेते थे पानी तो डाल सकते थे
हमारे जिस्म से साँसों को खींचने वाले
बरहना लाश पे चादर तो डाल सकते थे
दख़लन भोपाली
0 Comments