Ticker

6/recent/ticker-posts

दोगले शख़्स का 2122 1122 1122 22



ग़ज़ल غزل
__________

हिज्र की जड़ है फ़क़त इश्क़ में धोखा करना
यानी इक शख़्स से हिजरत का बहाना करना

क्या ज़रूरी है बिछड़ने का तमाशा करना
छोड़िए ग़ज़लों में अब हिज्र का चर्चा करना

चाँद पाने को किसी तिफ़्ल सा मचले थे हम 
ग़ैर-वाजिब ही था बच्चों सी तमन्ना करना

एक तो दिल भी सलीक़े से नहीं तोड़ा और
उसपे कहती हो कि, तुम मुझपे भरोसा करना

शौक़ है नींद का आँखो से ख़फ़ा रहना अब
शग़्ल आँखों का तेरे ख़्वाब को रुस्वा करना

यूरिश-ए-इश्क़ से बर्बाद हवेली हैं हम
उसकी यादों का है ज़िम्मा हमें मलबा करना

राम रक्खे हैं मेरे हिस्से में इक काम बड़ा
फ़र्ज़ मेरा है गिरे पेड़ पे साया करना

हमने अल्ला से भी माँगी नहीं इमदाद कभी
हमसे सीखा नहीं दामन को कुशादा करना

सीखिए सीखिए दुनिया से बनाना रिश्ता
हमको महँगा पड़ा इक शख़्स को दुनिया करना

अना अपनी, तेरी तस्वीर नहीं देखेंगे
और इक मर्द ने सीखा नहीं पर्दा करना

हमने बस इसलिए छोड़े हैं सभी हक़ अपने
हमको आया नहीं अपनो से तक़ाज़ा करना

चारा-गर ज़ख़्म बनाने लगे तो क्या करते
सीखना पड़ गया ज़ख़्मो का मुदावा करना

मर्द होने के भी आदाब निभाओ "दख़लन"
यानी आँखों को सर-ए-आम न दरिया करना
दख़लन भोपाली






Post a Comment

0 Comments