ग़ज़ल غزل
__________
ज़िंदगी कहते हैं जिसको ज़िंदगी खा जाएगी
हम वो मछली हैं जिसे इक दिन नदी खा जाएगी
लोग मेरी बरतरी पर रोएँगे तो बाद में
उससे पहले मुझको मेरी सादगी खा जाएगी
आसमाँ को देखा और दामन कुशादा कर दिया
और भी कुछ कीजिए ये बंदगी खा जाएगी
आगही हद से ज़ियादा एक ख़तरा है मियाँ
बाद इक हद के उजाले तीरगी खा जाएगी
ख़्वाब का नक़्शा रहेगा ख़्वाब तो मर जाएगा
अपने सारे ख़्वाब अपनी मुफ़लिसी खा जाएगी
अब कोई मौसम मसर्रत का हमें भी चाहिए
ये दुखों की धूप आँखो की नमी खा जाएगी
हम फ़सील-ए-जाँ से गिर कर जल्द ही मर जाएँगे
हाँ बहुत जल्दी हमें तेरी कमी खा जाएगी
--------///--
साँवली लड़की थी इक ख़ुश थी हमारे साथ में
किसने सोचा था वही लड़की ख़ुशी खा जाएगी
हाफ़िज़े से इसलिए तुझको जुदा करते नहीं
दूर है तू , ठीक है, तेरी कमी खा जाएगी
फ़ालतू की बात करते रहते हैं दख़लन मियाँ
डर लगा रहता है उनको ख़ामुशी खा जाएगी
वो ज़ियादा बोलता है ये शिकायत है तुम्हें
और मुझको डर है उसको ख़ामुशी खा जाएगी
हाए ये डिग्री हमारी माँ के जेवर खा गई
अब हमारा घर हमारी नौकरी खा जाएगी
0 Comments