ग़ज़ल غزل
__________
यही था ख़ास बस कूज़ा-गरी में
मेरी मिट्टी मिला दी ख़ाक ही में
नहीं था ख़ास कुछ उस साँवली में
वो लड़की ख़ास थी पर ज़िंदगी में
हमारा भी तो पहला इश्क़ था वो
सो हम पगला गये थे बस ख़ुशी में
नदी का ज़र्फ़ कम पड़ने लगा था
बला का ताब था तिश्ना-लबी में
मुहब्बत से ज़रूरी काम थे कुछ
वगरना मर भी जाते आशिक़ी में
सलीक़ा सीखिए रोने का हमसे
ग़ज़ल में रोए, रोए मसनवी में
ज़ियादा रोशनी अंधा न कर दे
सो हम रहने लगे हैं तीरगी में
हमारा चेहरा पीला पड़ गया है
लहू थूका है इतना शाइरी में
मेरी मिट्टी ही मिट्टी में मिला दी
यही तो ख़ास था कूज़ा-गरी में
पराया कर दिया है हमको और अब
हमें वो ढूँढती है अजनबी में
हमारी ज़िंदगी में दुख भरे हैं
लिहाज़ा दुख कहेंगे शाइरी में
बहुत बदनाम थे हम यार लेकिन
हमारा नाम था उसकी गली में
0 Comments