ग़ज़ल غزل
__________
हाए अपना भी क्या मुक़द्दर है
ज़िंदगी एक भारी पत्थर है
जैसे तैसे हम ओढ़ लेते हैं
है तो छोटी प ख़ुद की चादर है
जिससे राहत की थी उमीद हमें
उसका भी लफ़्ज़ लफ़्ज़ नश्तर है
करवटें, रात, सिलवटें, फ़ुर्क़त
मैं, जबीं, याद और बिस्तर है
कौन दरिया सिफ़त है बतलाओ
यहाँ हर शख़्स ही समंदर है
हमको दुनिया की शै मयस्सर हैं
एक बस तू नहीं मयस्सर है
इश्क़ था सो ही हिज्र जीते हैं
वैसे वो दस्तरस के भीतर है
उंगलियाँ जुम्बिशें नहीं करतीं
फ़ोन में अब भी उसका नम्बर है
बाहरी तौर से सब इंसां हैं
जानवर एक सबके अंदर है
0 Comments