ग़ज़ल غزل
__________
हमारी मिट्टी से फिर से क्या रास्ता बनेगा??
हमारी मिट्टी से कूज़ा-गर अब दिए बनेंगे
या सिर्फ़ तिश्ना-लबों की ख़ातिर घड़ा बनेगा
वो जिसको मैंने किया है रौशन बड़े जतन से
मुझे बुझाने वही किसी दिन हवा बनेगा
क़यामतों के जो फ़लसफ़े हैं फ़ुज़ूल हैं सब
जहाँ मिटा तो जहान सारा नया बनेगा
मैं मंज़िलों तक पहुँच गया तो तमाम किस्सा
भटक गया गर सफ़र में तो हौसला बनेगा
बनाने वाले ज़रूरी चीज़ें बना रहे हैं
वो जिस से कुछ भी नहीं बना वो ख़ुदा बनेगा
ये कोशिशें हैं कि पेड़ पौधे नदी बचा लूँ
मुझ ऐसे बंदे से इससे बेहतर भी क्या बनेगा
किसी ज़बाँ पर कभी हमारा भी शे'र होगा
जो टूटे दिल के किसी बशर की सदा बनेगा
दो कश्तियों में नदी बनेगी फिर आज शब में
ज़ियादा इससे तुम्हारी यादों से क्या बनेगा
बिछड़ते पल के उदास बोसे में इतना दुख है
ये एक बोसा ता-ज़िंदगी की सज़ा बनेगा
छड़ी पकड़कर घिसटता बूढ़ा बता रहा था
मुग़ालता था कि उसका बेटा असा बनेगा
अकेले कोई भी काम पूरा नहीं हुआ है
अगर बनेगा चराग़ कोई दुआ बनेगा
यहाँ मुसलसल है जंग जारी बुरे भले की
कोई बनेगा चराग़ कोई हवा बनेगा
0 Comments