ग़ज़ल غزل
__________
मुश्किलें आएँ तो दानाई आ ही जाती है
यानी फिर सोच में गहराई आ ही जाती है
पहले पहले तो परेशान करें हैं दुख भी
वक़्त के साथ शकेबाई आ ही जाती है
ज़िंदगी नज़्म करो ख़ुद की, अलग रक्खो "मीर"
धीरे-धीरे सुख़न-आराई आ ही जाती है
झूठ कुछ दिन को चमक सकता है बनकर सूरज
और फिर सामने सच्चाई आ ही जाती है
प्यार पे हमने कई ग़ज़लें कहीं थीं और अब
प्यार के नाम से उबकाई आ ही जाती है
आप भी रख दें मेरे सर पे नई तोहमत इक
मेरे दामन में तो रुस्वाई आ ही जाती है
आप अपनो की ही ठोकर से गिरे हैं "दख़लन"
पाँव में साहिलों पे काई आ ही जाती है
0 Comments