ग़ज़ल غزل
__________
हैं अजगर, साँप, कांटे रास्तों में
मैं यानी घिर गया हूँ हादसों में
नहीं रहना है हमको भी दिलों में
सो रखिए शौक़ से हमको सरों में
मेरी बर्दाश्त की भी हद है कोई
लिहाज़ा आप भी रहिए हदों में
वहाँ पर आँख ने मोती जने थे
जहाँ पर लफ़्ज़ धुँधले हैं ख़तों में
वही जो दूर मुझसे हो गया है
वही है मौजज़न मेरी रगों में
बदन बिस्तर पे तुमको खोजता था
हर इक करवट में सारी सिलवटों में
तेरे आने का धोखा खा रहे हैं
हर इक दस्तक में सारी आहटों में
शजर कटने की नौबत आ गयी है
फलों के कीड़े पहुँचे हैं जड़ों में
पराए जुगनुओं पर मुनहसिर हैं
अभी भी लोग जो हैं ज़ुल्मतों में
ये सारे लोग हैं बैसाखियों पर
जो हैं मसनद-नशीं अगली सफ़ों में
जहाँ में कुछ नहीं बन पाया जिनसे
पड़े हैं बुतकदों में मस्जिदों में
मेरी ग़ज़लों में बस नाराज़गी है
मैंने दुख को रखा है क़ायदे में
0 Comments