ग़ज़ल غزل
__________
गुलों को छू लिया तेरी छुअन को याद किया
धनक को देख तेरे पैरहन को याद किया
यहाँ पे कौन समझता विरह का दुख मेरा
सो मैंने हिज्र में राधा-किशन को याद किया
हयात तुझपे कभी शे'र जो कहा मैंने
हर एक दफ़'अ ही दार-ओ-रसन को याद किया
ख़ुदा ने धर दी नई मुश्किलें हमारे सर
जबीं की जब भी पुरानी शिकन को याद किया
क़मर पे जब कभी आया गहन तो हमने भी
हमारी ग़ज़लों में हिज्र-ए-कुहन को याद किया
ये और बात मैं ग़ीबत में उसको याद आया
बड़ी है बात कि मुझ बद-चलन को याद किया
हमारे मन में दशानन ने सर उठाया जब
तब एहतियात में राम आचरन को याद किया
ब-वक़्त-ए-वस्ल भी वो आ गई ख़यालों में
कल एक जिस्म में उसके बदन को याद किया
वो गुनगुनाती है अशआर मेरे फ़ुर्सत में
मुझे तो भूल गई पर सुख़न को याद किया
0 Comments