Ticker

6/recent/ticker-posts

P Ssगीत:-राम आपकी ज़ात का सुमिरन कर लेते हैं

आपके आगे आत्म समर्पण कर लेते हैं
राम आपकी ज़ात का सुमिरन कर लेते हैं

कोई गिलहरी साथ नहीं अपना देती पर
सेतु बांध रहे हैं आफ़त के सीने पर
पीर के आगे धीर की रेखा खींच रखी है
विपदाओं पर सहज नियंत्रण कर लेते हैं
राम आपकी ज़ात का सुमिरन कर लेते हैं

जीवन रण में कोई कवच भी हाथ नहीं है
रथ का पहिया और धरा भी साथ नहीं है
पर ग़ैरों के कष्टों का भी वध करने को
अपनी सुविधाओं का तर्पण कर लेते हैं
राम आपकी ज़ात का सुमिरन कर लेते हैं

हम भी पूजे जाते शायद इस कलयुग में
काश हमारा जन्म भी होता त्रेता युग में
गरल कंठ में रखकर साँस बनाते हैं सो
अश्कों से शिव को जल अर्पण कर लेते हैं
राम आपकी ज़ात का सुमिरन कर लेते हैं

जब लगता है कोई आकर राह दिखाए
ढांढस बांधे थोड़ा हमको गले लगाए
तब अपने ख़ालीपन को भरने ख़ातिर
अपने सम्मुख ख़ुद ही दर्पण कर लेते हैं
राम आपकी ज़ात का सुमिरन कर लेते हैं

आपके आगे आत्म समर्पण कर लेते हैं
राम आपकी ज़ात का सुमिरन कर लेते हैं


Post a Comment

0 Comments