Ticker

6/recent/ticker-posts

P 37 तुम्हें लगे है ख़ुदा चीज़ १२१२ ११२२ १२१२ २२

ग़ज़ल غزل
-------------------
तुम्हें लगे है ख़ुदा चीज़ आसमानी है
मेरी नजर में इबादत ही राएगानी है 

ख़याल सूखे दरख़्तों का कौन रक्खेगा 
ये दास्ताँ तो गए दौर की कहानी है

अजीब हाल है अपना भी इस मुहब्बत में 
न जान आनी है अपनी, न जान जानी है

हवस में सीने पे होठों से वस्ल लिक्खा था
ब-नाम-ए-इश्क़ यही उसकी मेहरबानी है 

लगे है थाम के चलता है कोई हाथ मगर
मेरी कलाई पे बस इक घड़ी पुरानी है

हम ऐसे बिखरे कि यकजा तो हो नहीं सकते
मगर हमारी अना अब भी ख़ानदानी है

वो जिसने ज़िंदगी बोला हमें वो प्यासा था
वजूद वैसे हमारा तो सिर्फ़ पानी है

हमारा झगड़ा बराबर रहेगा तुझसे हयात
हमारा जीना फ़क़त राह दरमियानी है



Post a Comment

0 Comments