ग़ज़ल
_______
यूं न तन्हाइयों से घेर के मारे मुझको
दर पे दस्तक दे कभी यार पुकारे मुझको
क्या कमी थी कि मुझे छोड़ गया है कोई
तोड़ के लाने थे क्या चाँद-सितारे मुझको?
मैं कोई इश्क़ नहीं उसकी ज़रूरत हूँ फ़क़त
जब ज़रूरत हो चली आए गुज़ारे मुझको
तैरना सीखिए कश्ती का भरोसा क्या है
मैं समझता था लगा देगी किनारे मुझको
मेरी हालत पे परेशान वो तारे भी हैं
जो ज़मीं पर थे कभी जान से प्यारे मुझको
खो ही देते हैं असर दुख भी अगर रोज़ आएं
अब तो लगते हैं मेरे दुख भी बेचारे मुझको
पाँव दाबे हैं मेरे हिज्र के मारे आकर
ये कोई पीर समझते हैं बेचारे मुझको
ज़िंदगी ज़ुल्फ़ें तेरी मुझसे सुलझने से रहीं
गर ख़ुदा है तो कभी आए सँवारे मुझको
लफ़्ज़-ए-कुन बोलने वाला ही सँवारे मुझको
बदचलन लड़की है तन्हाई भी मेरी "दख़लन"
करने लगती है सर-ए-शाम इशारे मुझको
0 Comments