Ticker

6/recent/ticker-posts

P कोई ख़्वाब पलता है ज़िंदगी के रहने तक 212 1222 212 1222

ग़ज़ल غزل
__________
कोई ख़्वाब पलता है ज़िंदगी के रहने तक
आँख में पिघलता है ज़िंदगी के रहने तक

प्यारी चीज़ टूटे तो, अपना कोई छूटे तो
दिल को ख़ूब खलता है ज़िंदगी के रहने तक

कोई ग़ैर बाहों का हार डाल लेता है
कोई हाथ मलता है ज़िंदगी के रहने तक

क्या चिराग़ सोचे हैं? रौशनी की जगमग में 
किसका तेल जलता है ज़िंदगी के रहने तक

एक ढेर मिट्टी का जिस्म जिसको कहते हैं 
साँस-साँस गलता है ज़िंदगी के रहने तक

साथ चलने वाले सब रास्ता बदल लेंगे
कौन साथ चलता है ज़िंदगी के रहने तक

ज़िंदगी में क्या खोया ज़िंदगी में क्या पाया
ये हिसाब चलता है ज़िंदगी के रहने तक

Post a Comment

0 Comments