ग़ज़ल غزل
__________
क्यूँ फूल मुहब्बत में ये बौराए हुए हैं
भँवरे तो फ़क़त चूसने रस आए हुए हैं
यूँ ही नहीं हम इश्क़ से उकताए हुए हैं
माज़ी में किसी शख़्स के ठुकराए हुए हैं
अपनी ही किसी भूल पे नम आँख हमारी
अपनी ही किसी चाह से घबराए हुए हैं
हम दोनों समझ सकते हैं इक दूसरे का दुख
हम दोनों किसी शख़्स के ठुकराए हुए हैं
दुनिया के बदलने के कुछ आसार तो नहीं
इक आस मगर सीने में सुलगाए हुए हैं
क़दमो में ज़रूरत के ज़मीर अपना पड़ा है
दर्पण से बस इस वास्ते शरमाए हुए हैं
इन फूल से बच्चों पे किताबों का सितम देख
खिलने की मशक़्क़त में ये मुरझाए हुए हैं
जोगी कोई मैं मस्त मगन देख के सोचूँ
ये कौन हैं? क्या लोग ये ठुकराए हुए हैं ?
जन्नत से निकाले गए अज्दाद हमारे
फिर कौन सी ख़ूबी पे हम इतराए हुए हैं
नापे हैं तबस्सुम से ख़ुशी आप भी "दख़लन"
माथों पे नज़र डालिए बल खाए हुए हैं
0 Comments