Ticker

6/recent/ticker-posts

असहमति

आप यक़ीनन मुझसे ज़यादा समझदार, परिपक्व, सुलझे हुए और ज़हीन हो सकते हैं या हैं । क्योंकि आप चुप रहते हैं और अर्जुन की तरह आपकी नज़र आपके लक्ष्य यानि चिड़िया की आँख पर रहती है। आप समय समय पर अपने विचारों से देश, दुनिया और समाज का मार्गदर्शन करते होंगे या करने का धोखा पाले हुए तो ज़रूर होंगे। पर ज़्यादातर आपकी चुप्पी आपका सामाजिक नुकसान ही कर रही होगी,हाँ इससे आपका व्यक्तिगत फायदा हो रहा है या नहीं, यह हम नहीं बता सकते। यह प्रक्रिया आपको अंदर ही अंदर अपराधबोध से ग्रस्त भी कर सकती है। खैर छोड़िये हम यहाँ अपनी बात कहने की नाकाम कोशिश कर रहे है इसमें आप कहाँ से आ गए।
मसला ये है कि हमारी मानसिक समझ का जैसे जैसे विकास हुआ, अब यहाँ विकास का मतलब विकास ही निकालिएगा। हमारी मानसिक समझ का जैसे जैसे विकास हुआ, हमारे ज़ेहन के एक कोने मे असहमति का भाव 100 साल की सरकारी लीज़ लेकर काबिज़ हो गया। हमने बहुत कोशिश की कि साम, दाम, दंड, भेद से इसे अपने दिमाग और दिल से निकाल बहार करें पर यह भाव सरकारी ज़मीन पर किसी नेता या उधोगपति के कब्ज़े की तरह हमारे दिमाग मे जम गया तो जम गया। हमारी असहमति से हम कई बार अपने ही लोगों की सामूहिक उलाहना के पात्र बन चुके है। ये और बात है कि न हम समझने को तैयार है ना हमारे अपने।
हम शुरू से ही असहमति के ज्ञान से लबरेज़ रहे हैं मतलब 2 और दो चार क्यों होता है, घरवाले बताते है की हम इस पर भी असहमत थे। उम्र के बढ़ने और दिमाग के विकसित होने, जो हमे लगता है, हो सकता है आप इससे सहमत न हो, हमारी असहमतियां भी तजुर्बेकार और ताकतवर होती गयीं।
हम शुरू से ही सबसे ज़यादा असहमत अपने प्रदेश के मुख़्यमंत्रियों एवं देश के प्रधानमंत्रियो से ही रहे। हमने कभी सिस्टम चलाने वाले बाबू, लेखपाल, कलेक्टर आदि लोगों को भाव ही नहीं दिया। सरकारें कोई भी रही हों प्रदेश के मुख़्यमंत्रियों एवं देश के प्रधानमंत्रियो पर हम कभी भरोसा नहीं कर पाये। यह जब गरीबी हटाने की बात करते तो हमे हमेशा सड़क किनारे लगी दुकानों और आसपास लगी झोपड़पट्टी के साफ़ होने का भाव आने लगता। और इनके चेहरे हमे मुखोटे के पीछे नज़र आने लगते या सीधे बोलें तो ये हमे झूठ बोलते लगते। दौर बदलते रहे सरकारे आती जाती रही बदले तो बस वो मासूम चेहरे जो ट्रैफिक सिग्नल पर पेपर और गुब्बारे बेच रहे थे या जो होटलों पर प्लेट और गिलास धोते नज़र आते थे। इसका भी कारण यह था की पहले वाले वो बच्चे बड़े होकर मज़दूर बन गए थे या मुमकिन है नशेड़ी हो मोक्ष को प्राप्त कर लिए हों। अब यहाँ आप अपवादों का हवाला दे नयी बहस न छेड़ देना। हमने किसानों से लेकर आम आदमी तक हर किसी के विकास के वादे सुने पर हर बार सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठा नेता वो चाहे किसी भी दल का हो झूठ बोलता ही लगा।
जनाब हमने मंदिर मस्ज़िद की जान लेवा हकीकत भी देखी उसके बाद सरकार बदलते और उसके बाद मंत्री, प्रधानमंत्री बदलते पर यकीन जानिए अपनी बात का पक्का कोई नहीं निकला।
आजकल हमारी असहमति का पानी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। दिमाग और दिल के कोने से इसका अतिक्रमण बढ़ने लगा है, बाहर कर नहीं पा रहे 100 साल की लीज़ है।
दौर बदलने से एक फायदा ज़रूर हुआ है कुछ नए सोशल मंच भड़ास निकाले जाने के लिए सुलभ है पर सरकारी कृपा दृष्टि बनी हुई है तब तक ही, नहीं तो यहाँ से भी गिरेबां पकड़ कर अंदर कर दिया जाये ऐसा भी संभव है। 
आजकल हमारी असहमति मे पुराने के साथ साथ कुछ नए विषय भी आ गए हैं, नए इसलिए क्योंकि हमने कभी इन विषयों पर तवज़्ज़ो नहीं दी। आजकल हर कोई हमे राष्ट्रवाद सिखा जाता है, तो कोई यह बता जाता है कि भैया ये खाओ ये न खाओ। सिखाने से बेहतर यह कहना होगा की हर कोई राष्ट्रवाद के नाम पे हमे डराने लगा है। हद तो तब हो जाती है जब घिनोना इतिहास होते हुए उस इतिहास की किताबो के बचे हुए दीमक राष्ट्रवाद की बात करते है। सहमत करने के लिए हर तरफ से टीम बनाकर कबड्डी खेली जा रही है। गरीब पिट रहा है, उजाड़ा जा रहा है इन सबमे एक बात अच्छी है की हम विश्वगुरु बनने वाले है, हम तो इससे भी असहमत हैं, आपका पता नहीं। आजकल तो साहब कोना ही पकड़ लेते हैं। झूठ क्या सच क्या, कुछ भी होता रहे उनकी बला से। खैर हम तो असहमति का अमिट भाव धरे हैं, असहमत होते रहेंगे आप या तो सहमत हो जाइये या चुप रहकर देश के विकास मे योगदान दीजिये। आदमियो की जात और औकात तो सरकारी फार्मो और सफ़ेद, पीले और नीले राशन कार्ड से सरकार को पता ही है। पर हम असहमत ही रहेंगे, 100 साल तक। दखलन भोपाली

Post a Comment

0 Comments