मोहन ने गरीबी में जन्म लिया और गरीबी में ही बुढाने लगा था। लोग शहरों को पलायन भविष्य बनाने के लिये भी करते होंगे पर मोहन का गांव से शहर आना सिर्फ उसके पीठ से चिपके हुए पेट को कुछ पीठ से अलग करने की कवायद ही थी। सडक किनारे ही उसका आशियाना था। शाम को मजदूरी कर लौटा था और दीवार की आड में चार मोटी रोटियॉं सेेंक कर फटपाथ पर आसन जमा के डिनर लेने की पूरी तैयारी थी। नमक और गांव से लाया हुआ अचार खोलकर अपनी रोटी या कहें कि मोटे टिक्कडों को कागज पे रखकर खाना शुरू ही किया था कि कुछ शोर कानों में पडा। धीरे धीरे यह शोर पास आने लगा। कानों में भारत माता की जय और नेताजी जिंदाबाद के नारे तेज होते गये। ऐसा लग रहा था कि आजादी की दूसरी लडाई शुरू को चुकी है पर यह एक राजनीतिक रैली से ज्यादा कुछ नहीं था। भारी भीड का एक रैला बदहवास और अव्यवस्िथत बाढ की तरह आया जिसकी कुछ लहरें फुटपाथ पर भी आ गयीं। मोहन की रोटी और आचार इस भीड में कहीं कुचल गया था। देश बदलेगा या नहीं यह भविष्य की चादर से ढंका हुआ था पर मोहन की रात भूखी और भयानक हो चुकी थी। धीरे धीरे नारों की अावाज कम होती गयी पर शायद कहीं और फुटपाथ पर बैठे किसी दूसरे मोहन का डिनर भी बरबाद न हो जाये। मोहन बस यही सोच रहा था।
दखलन भोपाली
दखलन भोपाली
0 Comments