"अन्तयेष्टि"
कहते हैं कि आदमी को अपने कर्म यहीं भोगने पड़ते हैं। इसी धरती पे स्वर्ग और नर्क दोनों हैँ। वहीँ दूसरी और अच्छा इंसान मर के स्वर्ग को प्राप्त करता है और बुरा नरक को। पर दसवीं और तेहरवीं के कार्ड पे स्वर्गवासी ही लिखा जाता है। दुनियां और समाज भ्र्म और अपवादों से भरे पड़े हैं। हमारी कालोनी की सबसे काइयाँ शख्सियत हैं मुसद्दी लाल मोदी। यह अपने फायदे के लिये गधे को अपना बाप बना लेते हैं और इनका फायदा हो रहा है तो अपने बाप को पहचानने से इनकार कर दें। मतलब सर्वगुण संपन्न व्यक्ति हैं। इनके विषय में हम आपको बताते रहे हैं। हाँ तो एक रात हम स्वर्ग और नर्क की ऊहापोह में खोए हुए थे कि हमारी आंख लग गई और सपने में मुसद्दी जी चल बसे। सपने में माहौल बिल्कुल बदला हुआ था। अब केवल अच्छे स्वर्गवासियों की लाशें बदबू नहीं मारती थीं अगर आदमी के कर्म खराब हैं तो अंतिम संस्कार की बदबू नाक में आग लगा देती है। मरघट अब आबादी से दस किमी दूर होते हैं। मुसद्दी जी प्राकृतिक मौत मरे थे पर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए ले जाया जा रहा था और जो लोग ले के जा रहे थे उनमें बातचीत जारी थी हम भी इस वार्तालाप का सक्रिय हिस्सा थे। शांडिल्य अंकल बोले भाई मुसद्दी को जलाने में बदबू तो आएगी ही आएगी। वर्मा जी ने समर्थन दिया भाई आज के दौर में बुरे कर्मो का ही ज्यादा अंश होता है बदबू तो आएगी। हम तो एक दर्जन अंत्येष्टि में जा चुके एक भी बिना बदबू वाला आदमी नहीं निकला। खैर डॉक्टर पोस्टमार्टम करके बताएगा कि किस हद तक बदबू मारेंगें मुसद्दी या नहीं मारेंगें। खैर इसी चर्चा के बीच कब अस्पताल आ गया पता ही नहीं चला। डॉ ने मुस्सदी जी के पार्थिव शरीर का पहले सर खोला और किसी नस में पिन चुभा कर कोई तत्व नोक से मशीन पे रखा। डॉ मास्क लगाए थे पर उनकी आंखों की घृणा को हम पोस्टमार्टम रूम के कांच के पीछे से टकटकी बांधे समझ गए कि मुसद्दी की बदबू दिमाग फाड़ने वाली होने वाली है। बात यही खत्म नहीं होना थी उसके बाद डॉ ने मुसद्दी जी का दिल खोलकर किसी नस में पिन की नोक घुसाकर वही क्रिया दोहराई। इस बार भी डॉ साहब की आंखे नफरत उगल रहीं थीं। इसके बाद दिल और दिमाग के तरल को मिलाया। और उनके असिस्टेन्ट ने इसका परिणाम देखकर पोस्टमार्टम रूम के दरवाजे की लाल बत्ती जल दी। इसका मतलब मुसद्दी जी की लाश घातक तरीके से बदबू फ़ैला के जलने वाली थी। हम इस परिणाम को देखकर संतुष्ट थे क्योंकि पहले से जानते थे कि मुसद्दी जी आला किस्म के घटिया इंसान थे।
खैर डॉ ने स्पेशल पेस्ट लगा के उनकी दिल और दिमाग की बदबू विश्लेषण नसों को चोक किया ताकि लोग बिना बेहोश हुए उन्हें वापस ले जा सकें। वापस कॉलोनी आये और उनका अति बदबूदार अन्तयेष्टि का सर्टिफिकेट शमशान यात्रा में जाने वालों को दिखाया। कुल जमा 20 से 25 लोग थे उनमें से भी दो लोग बदबू की रिपोर्ट देखकर खिसक लिए। यह और बात है कि इस दुष्कर्म के लिए उन दोनों की चिताएं भी बदबू मारनेवाली थीं। अब बिना बदबू के अंतिम संस्कार तो लाखों में एक होते थे। भ्र्ष्टाचार, चरित्र हनन, अपराध आम थे तो मरने के बाद सभी बदबू मारते थे इसलिए बदबूदार अन्तयेष्टि को सामाजिक मान्यता प्राप्त हो चुकी थी। बदबू एवं संक्रमण से बचने के श्मशान पे सभी यंत्र भी अन्तयेष्टि में आये लोगों को प्रदाय किये जाते थे।
खैर 23 लोगो को ले के मुस्सदी के साथ शव वाहन श्मशान की और दौड़ पड़ा। श्मशान वाहन चलाते हुए ड्राइवर के चेहरे पर बला की शांति थी। शायद वो इस सबका आदी था। बैक व्यू मिरर पर उसका खुश्बू वाला संक्रमण मास्क ऐसे लटक रहा था जैसे बुरी नज़र से बचने निम्बू मिर्ची लटका रखे हों।
ज़्यादा ट्रैफिक न होने के कारण जल्दी श्मशान पहुँच गये। मुस्सदी जी का पार्थिव शरीर शमशान की पावन भूमि के चबूतरे पर धर दिया गया था। लकड़ियों की व्यवस्था हो चुकी थी। मुस्सदी जी के शरीर को चिता पर रखकर फूंकने के लिए चिता सजाई जा रही थी। लोग अस्थि रखने के कमरे के बगल में बने हाइजीनिक रूम से संक्रमण एवं बदबू रोधक मास्क ले रहे थे और उनका किराया भी चुका रहे थे। यह एक सामाजिक परम्परा बन चुकी थी। मास्क वितरण एवम धारण करने के बाद मुस्सदी जी को मुखाग्नि दी जानी थी। मुस्सदी जी का बड़ा बेटा इसके लिए मानसिक हाँ हाँ मानसिक रुप से अपने को तैयार कर रहा था। मैं मास्क लेने के लिए सबसे पीछे लाइन में खड़ा हुआ था। तभी एक फार्च्यूनर और एक ऑडी बिल्कुल मास्क वितरण रूम के पास आकर रुकी। इसमे से एक नेता और एक ब्यूरोक्रेट उतरे। मुसद्दी शायद इन्ही के छर्रे होंगे या यह मुसद्दी जी के पैसा कमाने के साधन या मुसद्दी इनके दलाल। दोनों को में पहचानता था। दोनो राज्य के महाभृष्ट माननीय। रुतबे वाले लोग थे तो लोग झुक झुक कर उनके गिरे हुए व्यक्तित्व के सामने अपना अस्तित्व गिराने लगे। खैर दोनों ने इतनी सभ्यता दिखाई की मास्क लेने हमारे पीछे लग गए। नही तो हुज़ूर यह दोनों लाइन लगवाने वाली चीज थे। मेरा मास्क लेने का नम्बर आया जब मास्क मैनेजर ने मुझे मास्क दिया तो बोर्ड पर शुल्क देखकर 50 रुपए का नोट आगे बढ़ा दिया। मास्क मैनेजर ने भृकुटियां तान के हिकारत से हमे देखा और कहा, शुल्क बढ़ गया है 100 रुपये दें। हमने कहा पर बोर्ड पे तो 50 लिखा है। मास्क मैनेजर ने गुस्से से देखा और बोला, बढ़ गया मतलब बढ़ गया नहीं चाहिए तो हटिये लाइन से। यह सुनते ही हमारे पीछे लगे नेता ने उल्टी की। अरे भाई बढ़ गया होगा दे दीजिए। हमे दूसरे काम भी हैं, फ़ोटोग्राफर हमारी फोटो लेके सीधा दूसरी मीटिंग में जायेगा। जल्दी कीजिये आप। मरता क्या न करता। मुसद्दी अंकल को जलाना समाज हित में था तो जानते बूझते हुए 50 की जगह 100 का नोट दिया। और मन ही मन मास्क मैनेजर को कोसने लगे। हम हटे तो नेताजी का नंबर आया उन्होंने मास्क लिया और पैसे भी नहीं दिए मास्क मैनेजर भी चुप रहा। इसी क्रिया की बयुरोक्रेट के मास्क लेने पे भी पुनरावृत्ति हुई। हम अंदर से कुढ़े हुए थे। दोनों को फ्री मास्क मिलने पर और खिन्न हो गए। खैर सब तैयार थे। और नेताजी का फोटो शूट हो चुका था, मुसद्दी के सुपुत्र गदाधारी भीम की तरह जली लकड़ी ले के मुसद्दी जी की चिता की तरफ बढ़ ही रहे थे कि अचानक नेताजी और ब्यूरोक्रेट को दौरा पड़ा गया। तड़पते हुए नीचे गिर पड़े दोनों। मुँह से अजीब से रंगों का मिला जुला तरल बाहर आ गया। लोंगो ने पलक झपकते पहली नज़र में समझ लिया कि दोनों की दिल दिमाग की बदबू वाली नसें फट गयीं हैं। यह दौरा सिर्फ महाभृष्ट पाखंडी लोगों को ही पड़ता है। दोनों भगवान के पास निकल लिए हैं। ऐसी स्थिति में मास्क के बाद भी संक्रमण हो सकता है। बस, श्मशान पे जान बचाने के लिए भगदड़ मच गई। मुसद्दी के अलावा भी चिताओं की तैयारी थी उनके साथ के लोग भी भागने लगे। स्थिति भयावह थी। कुछ भी हो सकता था। हमारा दिमाग लोगों की जान बचाने के लिए बहुत तेज़ी से चल रहा था क्योंकि यह बदबू कम से कम आधे शहर को गंभीर रूप से बीमार लाचार और बेकार करने वाली थी। जान भी जातीं वो अलग।
तभी हमने देखा कि शमशान पर एक जगह निर्माण कार्य चल रहा है। मज़दूर ठेकेदार जान बचाने भाग चुके थे। मरघट पे लोग बस भागकर जान बचाने के चक्कर में एक दूसरे को रोक रहे थे। मैंने आव देखा न ताव निर्माण स्थल की और दौड़ लगा दी। खुश किस्मती थी कि वहाँ सीमेंट, गिट्टी और रेत का मिक्सचर(माल) तैयार पड़ा था। मैन तुंरत तगाड़ी में फावड़े से माल भरा और दोनों महान लोगों के पार्थिव शरीर के पास तगाड़ी खाली कर दी यह क्रिया मैंने कई बार की। माल मेरे पास था। मैंने दोनों के मुँह में फावड़े से माल भरना शुरू कर दिया। इस समय मुझे संक्रमण की चिंता नही थी मास्क से जैसे तैसे बदबू का कहर कुछ कम था पर नाक के बाल जल चुके थे और अब दोबारा आने भी नही थे।
जब माल मुँह में ठूँस दिया तो उसके बाद मैंने बांस से माल की धसाई की और बाकी का माल उनके थोबडों पे डाल दिया। इस बीच किसी ने मरघट आपदा केंद्र वालोँ को फोन कर दिया था। बाकी क्लीनिंग का काम उनके ज़िम्मे था। जब मामला संभला तो मैंने आस पास देखा मुसद्दी के जनाजे की रौनक बने सब लोग भाग चुके थे। मैंने भी हाथ पाँव धोये अपने ऊपर मरघट आपदा केंद्र वालों से दवा छिड़कवाई। उन्होंने बताया कि तुमने अभूतपूर्व साहस और बुद्धिमानी से एक बड़ी आपदा टाल दी है। मेरा सीना छप्पन हो गया। जेब से विल्स निकाल कर पास ही सुलगी पड़ी लकड़ी से जलाई और वही लकड़ी मुसद्दी जी की लाश पे उछाल दी। मुसद्दी की चिता की घास बलबला के जल उठी। लकड़ियां भी जल ही जानी थीं और मुसद्दी भी। मैं सिगरेट के कश लेता हुआ मरघट से घर की और चल दिया।
घटना ने अखबार से लेकर tv चैनलों तक खूब सुर्खियां बटोरी। मैं राष्ट्रीय स्तर का हीरो बन चुका था।
दो महीने बाद हमें सम्मानित करने एक सरकारी समारोह में बुलाया गया। हमारे नाम की पुकार हुई। हम मंच पर पहुँचे। देखा सारे गणमान्य नेता और अफसर मंच पर आसीन हैं और प्रशंसा का भाव लिए हमे ही देख रहे हैं पर आंखे और थोबड़े के भाव मिलान नही कर रहे। खैर मरघट मंत्री ने हमारा सम्मान किया प्रशस्ति पत्र दिया। पर यह हमारे नाक के बाल वापस नही ला सकता था। वहीँ दूसरी और हम सोच रहे थे कि अगर इन सबकी जो मंच पर आसीन हैं एक साथ दिल और दिमाग की नसें फट जाएं तो क्या होगा। विनाश। हम यह सोच ही रहे थे कि हमें किसी ने जगाया। देखा तो हमें आवाज लगाई जा रही थी। अरे उठिए मुसद्दी अंकल आये हैं कॉलोनी में किसी नेता का प्रोग्राम होना है। चंदा दे दीजिए। मुसद्दी की उम्र बढ़ चुकी थी।
दखलन भोपाली😂
0 Comments