लिखते तो बहुत अच्छा हो तुम
मैं भी लिखता हूँ, पर भूख पर
तुम्हारी लिखावट में हमेशा किसी मेहबूब का शामिल होना मोहब्बत की वजह से हो सकता है
पर कभी कभी मुझे लगता है कि
लंगोट के पक्के हो क्या तुम
कल तुम्हें भूख पे लिखते देखा
बला का दर्द उकेरा था तुमने काली स्याही से
कागज गीला हुआ था क्या तुम्हारे आंसुओ से।
क्या हुआ था?
देखा था क्या किसी बच्चे को चाय के ठेले पे गिलास धोते हुए
या शायद देखा होगा तुमने कोई मज़दूर कद्दावर, मजबूत चालीस किलो का
लिखते तो बहुत अच्छा हो तुम
क्या कभी देखी भी है गरीबी करीब से
कभी ऐसा हुआ है कि खुद का लिखा पढ़ते न बना हो और अश्कों से नज़र धुंधला गयी हो
कभी देखा तुमने अपनी कामवाली बाई के कुपोषित बच्चे को
जो ज़मीन पर बैठकर नीम की पत्ती भी चबा जाता है
कभी देखी है तुमने वो गुरबत
जो ख़ुद्दारी को हजम करने सुरसा की तरह मुँह खोले रहती है
लिखते तो बहुत अच्छा हो तुम
हाँ ढीली लंगोट के आशिक़ को आंसुओं से नहला दोगे
यह हुनर है तुममें
लिखते तो बहुत अच्छा हो तुम पर गरीबी से मोहब्बत करते हो क्या
लिखते तो बहुत अच्छा हो तुम।।
दखलन भोपाली.......
0 Comments