रात काली है, अभी और भी काली होगी
है उजाला तभी, जब सबकी दीवाली होगी
हम रहे गर्क समंदर में या अमृत लाएं
जो भी होगी पर बात निराली होगी
तुमने कर ली जो मुकम्मल अपनी दुनियाँ
इस दुनियां में क्या, पूरी खुशहाली होगी
जब तलक रोटी देखे, चाँद में कोई बच्चा
इसपे दुनियां जो हँसेगी तो रुदाली होगी
अंदाज़ तेरा भले ही किसी के दिल को छूता हो
मेरी नज़र में औकात तेरी मगर दो पैसे वाली होगी
जो हो सके तो उतारो ये सियासी चश्मे
बात 'दखलन' की तभी देखने वाली होगी
कभी देखो तो उस औरत की मजबूरी भी
बच्चे बहलाने को जो पत्थर भी उबाली होगी
दखलन भोपाली
0 Comments