दुनियाँ कहने लगी है ज़ख़्म मुझे
तुम अगर साथ चलोगे, तो आसानी होगी
धुंधलाई आँखें दीवारें टटोले, यह ठीक नहीं
तुम अगर हाथ में हाथ रखोगे, तो आसानी होगी
आजकल दरख्तों की छांव भी सर देखती है
तुम अगर साया बनोगे, तो आसानी होगी
चंद निवालों से यहाँ चलता है जीवन किसका
हम अगर साथ रहेंगें, तो आसानी होगी
जिस्म में रूह का रहना, मतलब ज़िंदा रहना
तुम अगर दिल में रहोगे, तो आसानी होगी
एक मुद्दत से दिल बना है, अंधेरा कमरा
तुम अगर साथ जलोगे, तो आसानी होगी
यूँ तो सब जल जाते हैं, दब जाते हैं मिट्टी होकर
आब आंखों का बनोगे, तो आसानी होगी
चलो इस जिस्म को छोड़ो, दिल नया कर लो
सबसे हंस के जो मिलोगे, तो आसानी होगी
संदीप श्रीवास्तव
0 Comments