ख़्वाब में रोटी की चादर ओढ़ के सोया होगा।
ठंड में ठिठुरता हुआ, वो मासूम सा भूखा बच्चा।।
किसी दूसरी ख़्वाहिश को जगह ही नहीं मिली होगी।
किसी दूसरे ख़याल को भी डर लगा होगा आने में।।
जब ख़्वाब में रोटी की चादर ओढ़ के सोया होगा।
ठंड में ठिठुरता हुआ, वो मासूम सा भूखा बच्चा।।
सूरज की सुनहरी धूप भी दे ना सकी होगी सुकून।
वो चाँद में परियों की जगह रोटियां देखता होगा।।
जब ख़्वाब में रोटी की चादर ओढ़ के सोया होगा।
ठंड में ठिठुरता हुआ, वो मासूम सा भूखा बच्चा।।
जिस्म की तरह सूखा होगा, माँ की आँख का पानी।
वालिद भी अपने किरदार में, दफन तो हुआ होगा।
जब ख़्वाब में रोटी की चादर ओढ़ के सोया होगा।
ठंड में ठिठुरता हुआ, वो मासूम सा भूखा बच्चा।।
ज़रूर हंस रही होगी सियासत, क़ातिलों वाली हंसी।
हिल रहा होगा किसी सेठ का पेट, पहाड़ों की तरह।।
जब ख़्वाब में रोटी की चादर ओढ़ के सोया होगा।
ठंड में ठिठुरता हुआ, वो मासूम सा भूखा बच्चा।।
बेशक, बांटे तो गए होंगे कम्बल, सर्दियों की धुंध में।
शायद फेहरिस्त में न होगा वो गुमनाम सा इक चेहरा।।
जब ख़्वाब में रोटी की चादर ओढ़ के सोया होगा।
ठंड में ठिठुरता हुआ, वो मासूम सा भूखा बच्चा।।
संदीप श्रीवास्तव
0 Comments