Ticker

6/recent/ticker-posts

सिसकते ज़ख्मों

मैं कुछ सिसकते ज़ख्मों को सीने का काम करता हूँ।
रोज़ मरता हूँ, फिर भी यही जीने का काम करता हूँ।।

वो मोहब्बत पे ग़ज़ल लिख लिख कर मशहूर हुए।
मैं भूख में बिक बिक के अपना नाम करता हूँ।।

उनके ख़याली चेहरों से कितनों को राहत मिलती है।
मैं अश्क़ों के दरिया में, रोज़ सफ़ीना तमाम करता हूँ।।

उसकी ग़ज़ल की  दिलकश अदा के सब हैं कायल।
मैं कुछ बच्चों के लिये, किताबों का इंतजाम करता हूँ।।

सागर-ओ- साक़ी को उसने बहुत कोसा है मय पीकर।
मैं बड़ा क़ातिल हूँ, रोज़ भूख का क़त्ले आम करता हूँ।।

जिसे दिखे नमाज़ों में, आरती में ख़ुदा, वो देखता रहे।
मैं बस आदमी में इंसानियत का एहतिराम करता हूँ।।
दख़लन भोपाली

Post a Comment

0 Comments