Ticker

6/recent/ticker-posts

चलन

यहाँ  बदसूरती को भी, सजाने का चलन है।
अब जाहिलों को सर पे, बैठाने का चलन है।।

खेती बबूल की हो, और बातें गुलाब की।
यह आँख के पानी के, मर जाने का चलन है।।

फ़ैसले दर फ़ैसले, यहाँ नंगा हुआ है निज़ाम।
बदकारी में नीयत, फिसल जाने का चलन है।।

सहरा की तपिश में, ठंडक तलाशते पागल।
यह आँसुओं की बारिश में, नहाने का चलन है।।

चंद जाहिलों को वतन का, दरबान कर दिया।
यह चाबुकों से इंसान, हाँके जाने का चलन है।।

कौव्वे बने हैं हंस यहां, डाल के खद्दर सफेद।
यह भेड़ियों को घास,  खिलाने का चलन है।।

जम्हूरियत में अवाम को, निवाला नहीं नसीब।
पेट की आग में वादों को, पकाने का चलन है।।
दख़लन भोपाली

Post a Comment

0 Comments