ग़ज़ल غزل
-------------------
आते जाते रहे, आज़माते रहे
काम सब हमसे अपना चलाते रहे
ये हुनर सिर्फ हम में ही मौजूद था
सो हम अपनी सलीबें बनाते रहे
चाँद, सहरा, समंदर, वो आतिश नज़र
कुछ जलाते रहे, कुछ बुझाते रहे
जिन दरख़्तों पे हमने नशेमन रखा
ज़र्द पत्ता समझ वो गिराते रहे
हमको अपनो से मिल जाते हैं घाव सो
अपने दुश्मन कबूतर उड़ाते रहे
कुछ सबाबों का हासिल है तनक़ीद भी
हँस के सुनते रहे, मुस्कुराते रहे .....
दर्द रक्खा है हमने बदन में कहाँ
कौन सुनता सो इसको दबाते रहे
जब से उलझी हथेली की कारीगरी
हम जबीं की लकीरें छुपातेे रहे
रूह मरती रही जिस्म ज़िंदा रहा
हमसे मिलने नकीरेन आते रहे
दख़लन भोपाली
0 Comments