Ticker

6/recent/ticker-posts

हमको ख़ुद का पता नहीं रहता 2122   1212     22

ग़ज़ल غزل
-------------------

हमको ख़ुद का पता नहीं रहता
ख़ैर तुझ से गिला नहीं रहता  

ज़ीस्त की कैफ़ियत कबीलाई
ये सफ़र तय-शुदा नहीं रहता

मुझको घर में न ढूंढिए साहब
मैं तो ख़ुद में बसा नहीं रहता

लोग तो सिर्फ़ झूठ कहते हैं
यहाँ कोई ख़ुदा नहीं रहता

हिज्र का ही सुरूर है हावी
हम पे कोई नशा नहीं रहता

कुफ़्ल होठों पे डालने से क्या
आँख में कुछ छुपा नहीं रहता

जागते ख़्वाब ताने कसने लगे
नींद को मैं अता नहीं रहता

हिज्र लिखने में इक मज़ा तो है
इश्क़ में फ़लसफ़ा नहीं रहता

क्या मुहब्बत पे बात करते हम
इसमें अब ज़ाविया नहीं रहता

तेरी यादों को बांध देते पर
इनका कोई सिरा नहीं रहता

इश्क़ में दूर आ गए दख़लन
हिज्र से फ़ासला नहीं रहता
दख़लन भोपाली

Post a Comment

0 Comments