ग़ज़ल غزل
...................
ज़िंदगी ऐसे मरहले में है
कि जहाँ हिज्र तक मज़े में है
रात काटे या काटें हम उसको
नींद आँखों से फ़ासले में है
मेरा किरदार सबसे आला था
आज देखा तो हाशिये में है
ज़िक्र तेरा नहीं किया करते
तू मगर अब भी हाफ़िज़े में है
वो बदन मेरा छोड़ दें शायद
रूह अब दिल से मशविरे में है
हमने समझा कि हम हैं आफ़त में
सारी दुनिया ही ज़लज़ले में है
ज़र्रा ज़र्रा लहूलुहान लगे
ये हवा किसके फायदे में है
शल जबीं की कोई नहीं पढ़ता
हर बशर क़ैद दायरे में है
हाल पूछा था सब मज़े में थे
हर कोई इक मुग़ालते में है
दख़लन भोपाली
0 Comments