ग़ज़ल غزل
________________
इसी इक काम से हम डर रहे हैं
हमें जीना है सो हम मर रहे हैं
बदन तो साफ है लेकिन ये ग़म है
हम अपनी रूह मैली कर रहे हैं
हमारे दिल पे कब्ज़ा क्यूँ करे हो
तुम्हारे और भी तो घर रहे हैं
हमें दिखला न तू ऊँची उड़ाने
हमारे शानो पे भी पर रहे हैं
ये तन्हाई, ये ग़म, वो ख़्वाब सारे
पिघल के आँख के भीतर रहे हैं
तवज्जो दे रहा जिनको ज़माना
नज़र में वो मेरी कमतर रहे हैं
दख़लन भोपाली
0 Comments