ग़ज़ल غزل
________________
यक़ीन चुक गया सो फिर टिका नहीं रिश्ता
अगरचे मिलते हैं लेकिन बचा नहीं रिश्ता
ज़ुबाँ पे उनकी मेरा नाम आता जाता है
पर उनकी आँख में हमको दिखा नहीं रिश्ता
अना की आग में जौहर किया था रिश्ते ने
जला तो यूँ जला आख़िर बुझा नहीं रिश्ता
हज़ार कोशिशें की हमने अपनी जानिब से
तुम्हारी ओर से लेकिन निभा नहीं रिश्ता
गुज़रते वक़्त ने मिट्टी तो डाल दी जड़ पे
मज़ार-ए-वक़्त के ऊपर फला नहीं रिश्ता
हमारी प्यास को हासिल नहीं कहीं पानी
हुआ है सहरा कि दरिया रहा नहीं रिश्ता
जो बात घर की है दुनिया पे खोलना कैसा
इसीलिए तो सुख़न में रखा नहीं रिश्ता
दख़लन भोपाली
0 Comments