ग़ज़ल غزل
________________
Ok
जबीं पे अपनी भी ऐसी थी लिखी तन्हाई
आख़िरश मेरे फ़क़त हाथ लगी तन्हाई
मैंने जब इश्क़ के लम्हात घटाकर देखे
बस मेरे खाते में हासिल ही बची तन्हाई
अना की आग में जौहर किया जब रिश्तों ने
आलम-ए-रूह तलक फैल गई तन्हाई
दिल की ज़रख़ेज़ ज़मी से किसी जंगल की तरह
लहू से रूह तलक खूब फली तन्हाई
किसी शय को कभी सर पे नहीं रक्खा हमने
होश में आये तो सर पे थी रखी तन्हाई
हिज्र की आग ने कुछ भी तो नहीं छोड़ा था
ख़ाक जब मैं हुआ, तब सब्ज़ा हुई तन्हाई
मुझको सहरा के हवाले किया था अपनो ने
न कोई साथ चला, साथ चली तन्हाई
उसने फ़रमाया कि बेजा है परेशाँ वो भी
मैंने फिर पूछा था देखी है कभी तन्हाई
कौन होता है मुसीबत-ज़दा लोगों का यहाँ
एक फ़ुर्क़त रही बस एक रही तन्हाई
संदीप श्रीवास्तव......
0 Comments