ग़ज़ल غزل
________________
तेरे बारे में ही सोचा हमने
सो ज़रा फ़ासला रक्खा हमने
इश्क़ को पहले ज़मीदोज़ किया
तब कहीं हिज्र को पाया हमने
घाव अपने तो हरे रहने थे
इनको अश्क़ों से था सींचा हमने
एक सहरा को रवानी देकर
एक दरिया रखा प्यासा हमने
आती काबू नहीं थी तन्हाई
बड़ी मुश्किल से सहेजा हमने
एक जुगनू हुआ था गुम मेरा
फिर नहीं देखा उजाला हमने
पहले आँखों को वुज़ू करवाया
फिर तुझे ख़्वाब में देखा हमने
दख़लन भोपाली
0 Comments