ग़ज़ल غزل
__________
आसमाँ सर पे उठाना था, उठाया हमने
और फिर हादिसा सीने में दबाया हमने
हाय ये अश्क़ ये ग़म और बला की फ़ुर्क़त
इक फ़क़त इश्क़ से क्या क्या न कमाया हमने
इश्क़ में हमने बहुत चाँद की तारीफ़ें की
हिज्र में चाँद के दाग़ों को छुपाया हमने
महज़ कुछ वक़्त को थी छाँव की दरकार उसे
उम्र भर धूप में फिर ख़ुद को जलाया हमने
ज़ीस्त के रंग सभी ज़र्द हुए हैं लेकिन
हाल सबको मियाँ, सब्ज़ा ही बताया हमने
ग़ैर होता तो लहू अपना उबालें लेता
दिल में रहता था सो आँखों से बहाया हमने
अपनी मिट्टी से तो कूज़ा-गरों ने की तौबा
बैठ के चाक पे ख़ुद को ही बनाया हमने
दख़लन भोपाली
0 Comments