ग़ज़ल غزل
__________
न कोई हिज्र का डर है न है विसाल का डर
हमारे सर पे चढ़ा है ये रोटी दाल का डर
ज़ुबाँ पे लफ्ज़ नहीं तीर थे अज़ीज़ों के
उन्हें डरा रहा होगा मेरे सवाल का डर
मिला सके न वो आँखे भी हमसे जाते वक़्त
ज़रूर आँखों में होगा उन्हें उबाल का डर
उरूज पे था वो ख़ुर्शीद तो जलाने लगा
समझ में आया उसे शाम को ज़वाल का डर
जो अहल-ए-दिल थे, वो ख़्वाबों में सिर्फ़ मिलते हैं
उन्हें मलाल है, या है मेरे मलाल का डर
है शाख़ फ़िक्र में पत्तों के ज़र्द होने से
शजर के चेहरे पे चस्पाँ हुआ कमाल का डर
अभी तलक तो मैं ईमान को बचाता रहा
बदल न दे कहीँ मुझको, ये मेरे हाल का डर
निभा रहा हूँ मैं किरदार चार लोगों का
सता रहा है कहानी को इक वबाल का डर
दख़लन भोपाली
0 Comments